माटुंगा पूर्व स्थित भाऊ दाजी रोड के रोड नंबर 4 का नामकरण अब ‘श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह मार्ग’ के रूप में किया गया है। उत्तर भारतीय समाज के गौरव, आर्य रत्न श्रद्धेय बाबूजी मिठाईलाल दलसिंगार सिंह की पावन स्मृति में आयोजित इस भव्य नामकरण एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के कर-कमलों द्वारा मार्ग के नामकरण पट्टिका का अनावरण कर उद्घाटन किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह के समाज सेवा, शिक्षा एवं उत्तर भारतीय समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक कार्यों, संस्कारों और जनसेवा के लिए समर्पित किया था। वे उत्तर भारतीय समाज एवं आर्य समाज के प्रमुख स्तंभों में गिने जाते थे। समाज में शिक्षा, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कार्यों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस मार्ग का नामकरण उनके नाम पर किया गया।
मुंबई भाजपा प्रवक्ता सुमिता सुमन सिंह की विशेष पहल एवं निरंतर प्रयासों से यह नामकरण संभव हो सका। बताया गया कि श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह के दुखद निधन के पश्चात मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने स्वयं इस मार्ग का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा था। समारोह में उपस्थित जनों के बीच इस बात की विशेष चर्चा रही कि मंत्री लोढ़ा ने केवल घोषणा ही नहीं की, बल्कि उसे पूर्ण कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता का परिचय भी दिया।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी, आर्य समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह का जीवन समाज सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण था तथा उनके नाम पर मार्ग का नामकरण समाज के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम का वातावरण भावुक एवं श्रद्धामय रहा। उपस्थित लोगों ने श्रद्धेय मिठाईलाल सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।
No comments:
Post a Comment