डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शांतिकुंज में किया पौधारोपण
कोलकाता युवा प्रकोष्ठ का 800वाँ साप्ताहिक वृक्षारोपण अभियान संपन्न
मानवता के कल्याण और पर्यावरण संतुलन हेतु समर्पित गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ (कोलकाता) द्वारा एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की गई। रविवार को शांतिकुंज स्थित पावन समाधि स्थल के समक्ष 800वें साप्ताहिक रविवासरीय वृक्षारोपण अभियान को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान वर्ष 2010 में अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी के पावन संकल्प और मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ था, जो विगत 15 वर्षों से निरंतर चल रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के 50 से अधिक युवा हरिद्वार पहुँचे।
800वें रविवार के अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शांतिकुंज के गेट नंबर-3 के समीप पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति की आराधना का जीवंत स्वरूप है। युवाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति दिखाई गई यह निरंतर प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
इस अवसर पर कोलकाता युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रकृति संरक्षण के प्रति संकल्प दोहराया। युवा प्रकोष्ठ कोलकाता के रवि शर्मा ने कहा कि प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से जूझ रही प्रकृति के लिए वृक्ष ही सबसे सशक्त और स्थायी समाधान हैं।
No comments:
Post a Comment