Friday, 27 February 2026

33वाँ आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार वितरित

33वाँ आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार वितरित

भाषा संवाद का सशक्त माध्यम है – एड. आशीष शेलार

भाषा संवाद का सशक्त माध्यम है। भारत विविध भाषाओं का देश है, इसलिए हमें प्रत्येक भाषा का सम्मान करना चाहिए। यह विचार महाराष्ट्र राज्य के सांस्कृतिक कार्य, सूचना एवं प्रसारण मंत्री एड. आशीष शेलार ने व्यक्त किए। वे केंद्रीय कपास प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (केंद्रीय कपास प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान), माटुंगा में आयोजित आशीर्वाद के 56वें उत्सव एवं 33वें आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आशीर्वाद संस्था पिछले 33 वर्षों से देश की विभिन्न भाषाओं के संवर्धन हेतु सतत कार्य कर रही है, जो अत्यंत गौरव की बात है। इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने आशीर्वाद परिवार को शुभकामनाएँ दीं।

56 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा

हिन्दी के प्रति समर्पित साहित्यिक-सामाजिक संस्था आशीर्वाद ने अपनी अनवरत 56 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा पूर्ण की है। यह संस्था संस्कारों और भाषाई समन्वय की सशक्त परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

विचार-गोष्ठी : सरल, सहज, शालीन और सार्वभौमिक

इस अवसर पर “सरल, सहज, शालीन और सार्वभौमिक” विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा का कुशल सूत्रसंचालन डॉ. वागीश सारस्वत ने किया। परिचर्चा में चित्रा देसाई, सुभाष काबरा, डॉ. मुकेश गौतम, अमरीश कुमार (मुख्य प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया) तथा सुभांशु सक्सेना (मुख्य प्रबंधक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र) ने सहभागिता की। वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि हिंदी एक उदार भाषा है, जो अन्य भाषाओं के शब्दों को सहजता से आत्मसात करती है, जिससे इसका शब्दकोश निरंतर समृद्ध हो रहा है।

33वाँ आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार

राजभाषा नीति के उत्कृष्ट अनुपालन हेतु भारत सरकार के केंद्रीय कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों को 33वाँ आशीर्वाद भाषा-सेतु पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रमुख सम्मानित संस्थान रहे, रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (नौसेना), पश्चिम रेलवे, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया। सार्वजनिक उपक्रमों में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि., भारतीय जीवन बीमा निगम, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि.।

भाषा रत्न एवं अन्य सम्मान

भाषा रत्न एवं गौरव पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में प्रमुख रूप से हर्ष वैद, सुरेश चंद्र तेली, के. राजेश कुमार, अविजित दास, कुशल पाल, विनायक पाटिल, डॉ. सुजीत कुमार शुक्ला, डॉ. विलास वी. झोडे, ललित कुमार गुप्ता,  मनोज हेडा शामिल रहे। भाषा श्री सम्मान सलिल विश्वनाथ (भारतीय जीवन बीमा निगम) प्रेरणा पुरस्कार त्रिलोकानंद मिश्र (एलआईसी) एवं प्रशांत गोस्वामी (भारतीय प्रबंधन संस्थान, मुंबई) महिला प्रचारक पुरस्कार डॉ. विभावरी गोरे (सेंट्रल रेलवे) शामिल थी।


साहित्य, सिनेमा और मीडिया में योगदान

22वाँ श्रेष्ठ गृहपत्रिका पुरस्कार विभिन्न बैंकों एवं सार्वजनिक उपक्रमों की पत्रिकाओं को प्रदान किया गया। कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लि. के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. संतोष कुमार झा की पुस्तक “स्याही के सिपाही” को आशीर्वाद मूल साहित्यिक कृति पुरस्कार प्रदान किया गया। श्रेष्ठ कॉर्पोरेट फिल्म का पुरस्कार ओएनजीसी की अंगदान तथा अरुण शेखर की मराठी लोककलाओं पर आधारित फिल्म ठक्कर लोककलाएँ को प्रदान किया गया।

आशीर्वाद नवरत्न सम्मान

साहित्य, पत्रकारिता, फिल्म, संगीत, सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रेम जनमेजय, डॉ. सुदर्शना द्विवेदी, विनोद गणात्रा, पंडित कालीनाथ मिश्र, अभिनेता यशपाल शर्मा, प्रीता माथुर ठाकुर, अतुल कपूर को आशीर्वाद नवरत्न सम्मान से विभूषित किया गया।


संस्थान के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार शुक्ला ने केंद्रीय कपास प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान के कार्यों की जानकारी दी और राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया। अतिथियों का स्वागत डॉ. बनमाली चतुर्वेदी, श्री जे.पी. बघेल, श्री अशोक त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधुबाला शुक्ला ने किया तथा आभार प्रदर्शन नीता उमाकांत बाजपेयी ने किया। वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्रा, अनिल गलगली सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में यह समारोह स्व. डॉ. उमाकांत बाजपेयी की स्मृति को समर्पित रहा।

No comments:

Post a Comment