Sunday, 29 March 2026

शांतिकुंज में ‘अर्थ ऑवर’ के तहत एक घंटे बंद रही बिजली

शांतिकुंज में ‘अर्थ ऑवर’ के तहत एक घंटे बंद रही बिजली

वैश्विक पर्यावरण जागरूकता अभियान Earth Hour के तहत शांतिकुंज में शनिवार शाम 8:30 से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए बिजली बंद रखी गई। इस दौरान अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी विद्युत उपकरण बंद कर दिए गए। अभियान के अंतर्गत देवसंस्कृति विश्वविद्यालय और ब्रह्मवर्चस शोध संस्थान में भी यही व्यवस्था लागू की गई।

यह वैश्विक अभियान World Wide Fund for Nature (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) द्वारा संचालित किया जाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता फैलाना है।

गौरतलब है कि Earth Hour की शुरुआत वर्ष 2007 में सिडनी से हुई थी, जिसमें पहली बार लगभग 22 लाख लोगों ने भाग लिया था। वर्तमान में यह अभियान 190 से अधिक देशों में मनाया जाता है।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोगों को ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि शांतिकुंज और विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से बिजली बचत के उद्देश्य से आवश्यक उपकरणों को छोड़कर एक घंटे के लिए विद्युत उपयोग सीमित किया जा रहा है।

शांतिकुंज मीडिया विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत अखिल विश्व गायत्री परिवार के विभिन्न प्रज्ञा संस्थानों में भी देश-विदेश में एक साथ आवश्यक उपकरणों को छोड़कर सभी बिजली उपकरण बंद रखे गए।

No comments:

Post a Comment