समरस फाउंडेशन ने वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह को दिया “जौनपुर गौरव सम्मान”
जौनपुर। समरस फाउंडेशन, मुंबई के बैनर तले रविवार दोपहर कैलाशपति गोधना में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह को उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए “जौनपुर गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह जैसे महान व्यक्तित्व को सम्मानित करना अपने आप में सम्मान का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे विरले व्यक्तित्व ही होते हैं जिन पर मां सरस्वती और मां लक्ष्मी दोनों की कृपा होती है। सिंह न केवल समाजसेवी हैं, बल्कि एक संवेदनशील रचनाकार भी हैं, जिनके भीतर समाज के प्रति गहरी पीड़ा और सेवा का भाव है।
उन्होंने आगे कहा कि सिंह ने अपने जीवन को परोपकार के लिए समर्पित कर दिया है। सैकड़ों मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा जरूरतमंदों की सहायता कर उन्होंने समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुंबई के वरिष्ठ समाजसेवी पं. राधेश्याम तिवारी ने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा मुंबई से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में किए गए सामाजिक कार्यों की गिनती करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब सिंह मुंबई में नहीं होते, तब भी उनके कार्यों की चर्चा होती रहती है।
समरस फाउंडेशन के महासचिव शिवपूजन पाण्डेय ने बताया कि यह सम्मान लंबे समय से एक योग्य व्यक्तित्व की प्रतीक्षा कर रहा था और एकादशी के पावन अवसर पर ज्ञान प्रकाश सिंह को सम्मानित कर संस्था स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है। उन्होंने सम्मान पत्र का वाचन करते हुए कहा कि श्री सिंह के प्रेरणादायक कार्यों को शब्दों में समेटना संभव नहीं है।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे, डॉ. मंगलेश्वर (मुन्ना) त्रिपाठी, डॉ. मधुकर तिवारी, पत्रकार रामदयाल द्विवेदी, पत्रकार देवी सिंह, पत्रकार चंद्रकांत दुबे, पत्रकार अंकित जायसवाल, शिवा सिंह, अजय शुक्ला, विवेक मिश्रा, विनीत तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार प्रमोद पांडे ने किया।
No comments:
Post a Comment