अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरुपूर्णिमा पर ‘महाशक्ति की लोकयात्रा’ कार्यक्रम संपन्न
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरुपूर्णिमा पर्व के अवसर पर ‘महाशक्ति की लोकयात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन बोरीवली पश्चिम स्थित प्रबोधनकार ठाकरे सभागार में हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज, हरिद्वार के महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शैफाली पंड्या के संरक्षण एवं गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर परम वंदनीया श्रीमती भगवती देवी शर्मा (माताजी) के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात पार्श्व गायिका ईशिता विश्वकर्मा ने प्रज्ञा गीत एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। गायत्री परिवार के बच्चों ने नशा मुक्ति एवं व्यसन उन्मूलन विषय पर प्रभावशाली लघु नाटक प्रस्तुत किया। वहीं बाल संस्कारशाला के बच्चों ने गुरु वंदना की सुंदर प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत अपने संबोधन में श्रीमती शैफाली पंड्या ने कहा कि गुरुपूर्णिमा आत्मचिंतन, आत्मानुशासन, आत्मविश्लेषण, श्रद्धा के अभिवर्धन और ज्ञान के पूजन का पावन पर्व है। व्यास पूर्णिमा के इस दिव्य अवसर पर हमें उन महापुरुषों को गुरु रूप में स्वीकार करना चाहिए, जिन्होंने अपनी तपश्चर्या, साधना और त्यागमय जीवन से मानवता के लिए आदर्श स्थापित किए। गुरु सद्ज्ञान प्रदान करने वाले और जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश-स्तंभ हैं। उनके प्रति श्रद्धा, समर्पण और उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची गुरु-पूजा है।
उन्होंने आगे कहा कि परम वंदनीया माताजी ने लगभग चार दशक पूर्व ही नारी जागरण आंदोलन का शुभारंभ किया था। उसी प्रेरणा से अखिल विश्व गायत्री परिवार इस वर्ष को ‘नारी सशक्तिकरण वर्ष’ के रूप में मना रहा है। इस अवसर पर देश-विदेश में विभिन्न कार्यक्रमों एवं जनजागरण अभियानों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बोरीवली एवं दहिसर क्षेत्र की विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि गायत्री परिवार वर्षों से समाज में व्यक्ति निर्माण और नैतिक मूल्यों के संवर्धन का जो कार्य कर रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र में अद्भुत आध्यात्मिक शक्ति निहित है और नियमित रूप से इसका जप करने से व्यक्ति मानसिक, आध्यात्मिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में विनय शाह, उषा शाह, नेशनल हाउसिंग बैंक के चेयरमैन महेश पुजारा, नगरसेविका अंजली सामंत, पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव, अभिजीत सामंत तथा नानावटी मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ट्रांसपोर्ट को-ऑर्डिनेटर अमोल कदम सहित अखिल विश्व गायत्री परिवार के हजारों कार्यकर्ता, परिजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम श्रद्धा, आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ |
No comments:
Post a Comment