Tuesday, 20 October 2026

देसंविवि की रामलीला में पहली बार सभी कलाकार मातृशक्ति

देसंविवि की रामलीला में पहली बार सभी कलाकार मातृशक्ति

रावण दहन के साथ दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

देव संस्कृति विश्वविद्यालय (देसंविवि) में विजयादशमी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रामलीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही, क्योंकि पहली बार रामलीला के सभी पात्रों की भूमिका मातृशक्ति ने निभाई। नवरात्र साधना के साथ अभ्यास कर रही बहिनों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, साहस, त्याग और नारी सामर्थ्य का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर अट्टहास करते रावण के पुतले का दहन किया गया, जो देखते ही देखते धू-धू कर जल उठा।

इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी ने अपने संदेश में कहा कि जीवन में सत्य, मर्यादा और सदाचार की सदैव विजय होती है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और लोकमंगल की प्रेरणा देता है। बहिनों द्वारा रामलीला के सभी पात्रों का निर्वहन नारी सामर्थ्य और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर उदाहरण है। भारतीय संस्कृति में नारी को समाज निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति माना गया है।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि रामलीला केवल एक सांस्कृतिक मंचन नहीं, बल्कि जीवन में आदर्शों को अपनाने और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला आयोजन है।

रामलीला में राम की भूमिका रजनी विश्वकर्मा, सीता की भूमिका दीपिका गिरि, लक्ष्मण की भूमिका करिश्मा दरवई तथा हनुमान की भूमिका चांदनी ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

रावण दहन के अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ नारी सशक्तीकरण का भी प्रेरक उदाहरण बना। रामलीला के सभी पात्रों का मातृशक्ति द्वारा अभिनय यह संदेश देता है कि महिलाएं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक चेतना का प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

No comments:

Post a Comment