मुंबई में गो-प्रतिष्ठा महायज्ञ का भव्य शुभारम्भ शंकराचार्य जी के दिव्य सान्निध्य में
परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के दिव्य सान्निध्य में मुंबई के कोराकेन्द्र स्थित चातुर्मास्य स्थल पर 100 कुण्डीय गो-प्रतिष्ठा महायज्ञ का विधिवत शुभारम्भ हुआ।
यह यज्ञ महाराष्ट्र मूल के काशीवासी कृष्ण यजुर्वेदाचार्य पं. श्री वीरेश्वर दातार के आचार्यत्व में प्रारंभ हुआ। आचार्य पं. अनिमेष जी एवं आचार्य पं. सुधीर जी भी इस यज्ञ में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
परमाराध्य की ओर से नैष्ठिक ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी यज्ञीय कर्मकाण्डों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यज्ञ में मुंबई के प्रमुख पण्डितों सहित देश के विभिन्न भागों से आए वैदिक आचार्य भी सम्मिलित हुए हैं।
यह महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से प्रारम्भ होकर चातुर्मास्य भर चलेगा।
शंकराचार्य जी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र योगिराज सरकार ने बताया कि परमाराध्य का संकल्प है कि गौमाता के अंग-प्रत्यंगों में निवास करने वाले 33 करोड़ देवी-देवताओं को आहुतियाँ समर्पित की जाएँ। प्रयागराज कुंभ महापर्व में पूर्व में 2 करोड़ 62 लाख आहुतियाँ दी जा चुकी हैं, अब मुंबई में इस संख्या को और अधिक बढ़ाया जाएगा।
चातुर्मास्य आयोजकों द्वारा एक विशेष मोबाइल एप भी विकसित किया गया है, जिससे देश-विदेश में रहने वाले सनातनी श्रद्धालु इस यज्ञ में ऑनलाइन भागीदारी एवं सहयोग कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment